एस.पी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में सक्ती जिले में सघन रात्रि गश्त, सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल ने रात्रि गश्त में अवैध गतिविधियों पर कसी नकेल


सक्ती। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने तथा रात्रि के समय होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में जिलेभर के थाना प्रभारियों द्वारा विशेष रात्रि गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गश्त की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी क्रम में सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल ने थाना स्टाफ के साथ देर रात शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। गश्त के दौरान रात में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों को रोककर पूछताछ की गई तथा उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
पुलिस टीम ने इस दौरान अवैध परिवहन की आशंका पर रेती से भरे ट्रेलरों को भी रोककर जांच की। वाहन चालकों से परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तथा वैध अनुमति की जानकारी ली गई। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
रात्रि गश्त अभियान के दौरान पुलिस ने रात्रि में आम नागरिकों से भी पूछताछ किया और उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध गतिविधियों, अवैध परिवहन, असामाजिक तत्वों एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस सक्रिय कार्यवाही से आम लोगों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है तथा अपराधियों और अवैध कारोबारियों में भय का माहौल बना हुआ है।




