छत्तीसगढ़

संत कबीर जयंती पर नगर में भव्य शोभायात्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल भी हुए शामिल
कबीर साहेब की वाणी आज भी देती है समाज को मार्गदर्शन : श्याम सुंदर अग्रवाल



सक्ती – संत कबीर साहेब की जयंती के पावन अवसर पर आज नगर में कबीरपंथियों द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत रथ में विराजमान कबीर साहेब की आकर्षक छवि पर माल्यार्पण के साथ की गई। इस दौरान पूरा वातावरण “सद्गुरु कबीर साहेब की जय” घोष से गुंजायमान हो उठा।

नगर में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में कबीरपंथियों ने एक साथ कदम मिलाकर संत कबीर के विचारों और सन्देश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। शोभायात्रा में महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर अग्रवाल ने भी शोभायात्रा में शामिल होकर कबीर साहेब की तस्वीर पर माला अर्पित की और श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि –
“संत कबीर साहेब ने समाज को जो अमूल्य विचार दिए हैं, वे आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने जात-पात, छुआछूत, आडंबर और अंधविश्वास के खिलाफ जो आवाज़ उठाई, वह आज के समाज के लिए मार्गदर्शक है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है।”

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शांतिपूर्ण तरीके से निकली, जिसमें जगह-जगह पर श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर स्वागत किया।

कबीर साहेब के भजनों की गूंज, अनुयायियों के हाथों में लहराते झंडे, और समाज में प्रेम, समानता एवं सद्भाव का संदेश देते नारों ने इस शोभायात्रा को विशेष बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply