एक ही परिवार के 6 लोग कर रहे थे साधना, ‘सभी का मोबाइल ऑन कर दो..यहां जो हुआ है, वो सत्संग हो रहा है…अरे ये मेरी पहली वीडियो है….अरे ये मेरी पहली वीडियो है… कहते हुए चीख-चिल्ला रहा था युवक, घर के भीतर मूर्च्छित अवस्था में मिले दो युवकों की हुई मौत, पीएम रिपोर्ट के बाद वास्तविक कारणों का होगा खुलासा, गांव में फैली सनसनी

सक्ती जिले के तांदुलडीह ग्राम का मामला, पूरी रात करते रहे जाप, सुबह पड़ोसियों को हुई अनहोनी की आशंका, घर में मिला शव
सक्ती। उज्जैन के एक गुरू के अनुयायी परिवार के छह सदस्य ग्राम तांदुलडीह (लोहराकोट) में पूजा पाठ व साधना करते हुए ब्रह्मलीन होने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान साधना में जुटे दो लोगों की रहस्यमय ढंग से मौत हो गई। इस परिवार के दो युवकों की लाश घर से मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं घर के अन्य चार सदस्यों को इलाज के लिए सीएचसी सक्ती भेज दिया गया है। मृतकों के शव को भी पोस्मार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों से पर्दा हट सकेगा।
ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ये लोग उज्जैन के किसी गुरू के अनुयायी हैं और बुधवार शाम 6 बजे से साधना, पूजा-अनुष्ठान में जुटे हुए थे। आने जाने वाले को यहां रातभर जय गुरूदेव, जय गुरूदेव का जाप करते हुए जोर जोर से चीखने चिल्लाने की आवाज आ रही थी। गुरूवार की सुबह जब आवाज धीमी हुई तो पड़ोसियों को संदेह होने पर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की गई, लेकिन दरवाजा खोला नहीं गया, बल्कि उस घर की महिलाएं मौके पर मौजूद लोगों को डंडा लेकर दौड़ाने लगीं। पड़ोसियों ने उरगा में रह रही उनकी विवाहित बेटी को घटना की सूचना दी। किसी तरह छप्पर को हटाकर दरवाजा खुलवाया गया। घटनास्थल से वीडियो सामने आई है उसमें एक युवक ‘सभी का मोबाइल ऑन कर दो..यहां जो हुआ है, वो सत्संग हो रहा है…अरे ये मेरी पहली वीडियो है….अरे ये मेरी पहली वीडियो हैÓ कहते हुए नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि सुबह 11 बजे से ही साधना में जुटे इस परिवार के दो लोग मूर्च्छित अवस्था में पड़े हुए थे। माना जा रहा है कि साधना के बीच दम घुटा होगा या लंबे समय से उपवास के कारण स्थिति खराब हुई होगी। परिवार कितने दिन से साधना में लीन थे, इसकी सही जानकारी नहीं मिली है। शाम को खबर मिली तो पुलिस यहां पहुंची और मृतकों के परिजनों से पूछताछ की गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सक्ती एसडीओपी मनीष कुंवर ने बताया कि मौके पर दो लोगों को मूर्च्छित पाया गया, जिन्हें सीएचसी अस्पताल सक्ती भेजा गया है, वहीं घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही घर में मिले संदिग्ध वस्तुओं, पूजा के सामान तथा अन्य सामग्रियों को भी जब्त कर लिया गया है।




