छत्तीसगढ़

वाहनों की रफ्तार पर कब लगेगी लगाम? बेरहम हाईवा चालक ने 6 गायों को रौंदा, दर्दनाक मौत…जिम्मेदार कौन?

फगुरम। 27 नवंबर की रात भद्री-सक्ती मार्ग पर भाटा चौक में एक अज्ञात हाईवा चालक ने तेजी व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए 6 गायों को बेरहमीपूर्वक कुचल दिया। इस घटना में जहां सभी गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं अब तक हाईवा चालक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। मंजर इतना दर्दनाक और खौफनाक था, जिसे देखकर शायद ही किसी का दिल न पसीजे। पब्लिक प्लेस में यदि यही घटना आम राहगीरों के साथ घटित होती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?

अज्ञात हाईवा चालक ने मार्ग में मौजूद 6 गौवंश को जिस बेदर्दी से कुचला उससे मौके पर उनका करूणांत हो गया। सभी गायों के चिथड़े उड़ गए। अगली सुबह लगभग 5 बजे घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में काफी आक्रोश उत्पन्न हो गया और चक्का जाम कर दिया गया।  मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देने के बाद चक्का जाम समाप्त कर दिया गया। चक्का जाम लगभग 4 से 5 घंटे तक रहा ।

ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र के सडक़ों पर हाईवा ट्रक जैसे बड़े बड़े वाहन के चालकों द्वारा लापरवाह पूर्ण वाहन चालन किया जा रहा है जिसके कारण आए दिन दुर्घटना घटित हो रहे हैं। आए दिन बेजुबान गौवंशीय पशुओं की दुर्घटना में मौत हो रही है, साथ ही साथ आमजन भी दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ शासन प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाए ताकि ऐसे दुर्घटना पर लगाम लगाया जा सके।

स्पीड वायलेशन डिटेक्शन कैमरे से तेज रफ्तार वाहनों पर लग सकती है लगाम

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारी आए दिन योजना बनाते हैं, लेकिन शहर की यातायात व्यवस्था सुधरने की जगह और बिगड़ती जा रही है। शहर की सडक़ों पर जहां नाबालिग वाहन दौड़ा रहे हैं। वहीं सडक़ों पर तेज गति से भागते वाहनों से आए दिन होने वाले हादसों में कोई अपाहिज हो रहा है या गंभीर हादसे का शिकार हो रहा है। रात के समय वाहन चालक तेज रफ्तार में गाडिय़ां चलाते हैं और इसी कारण हादसे होते रहते हैं । तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई के लिए यातायात विभाग द्वारा अलग-अलग स्थानों पर स्पीड वायलेशन डिटेक्शन कैमरे लगाया जाना चाहिए क्योंकि इस कैमरे की खासियत यह है कि ये कैमरे सॉफ्टवेयर की मदद से वाहन की स्पीड की गणना कर यह पता लगा लेते हैं कि वाहन किस रफ्तार से किस चौराहे से गुजरा है। ज्यादा रफ्तार पर निकलने वाली गाड़ी की नंबर प्लेट का फोटो लेकर उसका चालान जनरेट किया जा सकता है।

Related Articles