छत्तीसगढ़

दो मोटर सायकलों की हुई जोरदार भिड़ंत, मौके पर ही दो युवकों ने दम तोड़ा, एक गंभीर

सक्ती। जिले के अमलीडीह और पिरदा गांव के बीच दो मोटर सायकलों की आमने सामने की जबर्दस्त भिड़ंत में जहां दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार उक्त हादसा सुबह करीब 8.30 बजे अमलीडीह और पिरदा गांव के बीच घटित हुआ। ग्राम पिरदा में तीन दिवसीय अखिल भारतीय रामनामी भजन मेला चल रहा है जहां दो भाई लोकेश चंद्र और लक्की चंद्र दोनों मेले में दुकान लगाए हुए थे। जिसे बंद कर एक बाइक में सवार होकर दोनों भाई अपने घर खाना खाने के लिए निकले थे। दूसरी बाइक पल्सर में भागवत सतनामी मेला देखने के लिए अकेले जा रहा था। बाइक तेज रफ्तार होने के कारण दोनों बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। तीनों एक दूसरे से दूर सड़क में जा गिरे।

इस हादसे में लोकेश चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लक्की चंद्र और भागवत सतनामी को गंभीर रूप से चोट आई थी। भागवत सतनामी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पंहुची मालखरौदा पुलिस शव पंचनामा कर घटना कि जांच में जुट गई है।

Related Articles