छत्तीसगढ़

तांदुलडीह गांव में दो सगे भाइयों की मौत के रहस्य से हटेगा पर्दा…एसपी अंकिता शर्मा जल्द कर सकती हैं बड़ा खुलासा

घर के दो युवकों को प्रेतात्मा से मुक्ति दिलाने तंत्र साधना के मकड़जाल में फंसा था परिवार, पीएम रिपोर्ट में फर्टिलाइजर नामक जहरीले पदार्थ खिलाए जाने और शरीर में धुएं का अंश मिलने की खबर

सक्ती। जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्रान्तर्गत तांदुलडीह गांव में दो सगे भाईयों की मौत का रहस्य बरकरार है, क्योंकि मृतकों के परिजन बार-बार बयान बदल रहे है, लेकिन सूत्रों से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक पीएम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पड़ताल उपरांत मामले में जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है।

बाराद्वार थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम लोहरकोट के आश्रित ग्राम तांदुलडीह में विगत 17-18 अक्टूबर की दरम्यानी रात परिवार के आधा दर्जन लोग तंत्र साधना के मकड़जाल में इस कदर उलझ गए कि उन्होंने परिवार के ही दो युवकों को जहर दे दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्मार्टम कराया तो मृतकों को फर्टिलाइजर नामक जहरीले पदार्थ खिलाए जाने और शरीर में धुएं का अंश मिलने की रिपोर्ट सामने आई। फिलहाल पुलिस इस नतीजे पर पहुंच गई है कि तंत्र साधना के दौरान घर में लकड़ी जलाकर हवन किया गया होगा और दोनों युवकों को किसी चीज में जहर मिलाकर खिलाया गया होगा, जिससे दोनों की मौके पर तड़प- तड़प कर मौत हो गई।

पुलिस विवेचना में यह बात भी सामने आई है कि परिवार की बड़ी बेटी अमरीका बाई द्वारा तंत्र साधना की जाती थी, जो पहले सामान्य अवस्था में थी, लेकिन कुछ समय से तंत्र-मंत्र पढ़ कर अपने तीन भाइयों एक बहन और मां के साथ घर पर ही साधना में जुट गई थी। लोगों का कहना है कि अमरीका बाई को शक था कि उसके दो भाई विक्रम और विक्की के अंदर प्रेतात्मा का वास है, जिससे छुटकारा दिलाने के लिए कुछ दिनों से घंटों-घंटों परिवार के साथ वह मंत्रों का जाप कर रही थी। घटना वाले दिन 17 अक्टूबर को भी पूरे परिवार के द्वारा साधना किया जा रहा था। अमरीका बाई द्वारा तंत्र-मंत्र पढ़ा जा रहा था और परिवार के बाकी लोग इन बातों को दोहरा रहे थे।

पुलिस ने दोनों युवकों के पोस्टमार्टम के आधार पर घर के चार अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। चारों से पूछताछ में पुलिस को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। चारों पूछताछ में बार-बार बयान बदल रहे हैं, बावजूद इसके डॉक्टरों की मौजूदगी में पुलिस की संदेहियों से पूछताछ जारी है। जल्द ही एसपी सुश्री अंकिता शर्मा प्रेस कान्फ्रेंस के माध्यम से घटना के समस्त पहलुओं से पर्दा हटाते हुए मामले का खुलासा कर सकती हैं।

Related Articles