सक्ती के पूर्व पार्षद का पुत्र नागपुर रेलवे स्टेशन से लापता, एसपी अंकिता शर्मा से पिता ने लगाई गुहार, त्वरित कार्रवाई का मिला आश्वासन

सक्ती। शहर के पूर्व पार्षद अनिल रौतिया ने अपने पुत्र के गुमशुदगी की रिपोर्ट सक्ती थाने में दर्ज कराने के बाद जिले की एसपी सुश्री अंकिता शर्मा से उसकी तलाश किए जाने की गुहार लगाई है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व पार्षद खगेश रौतिया के पुत्र की तलाश करने और मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के मुताबिक वार्ड क्र. 18 के पूर्व पार्षद अनिल रौतिया ने सक्ती थाने में अपने पुत्र खगेश रौतिया की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया है कि उसका पुत्र खगेश, 29 वर्ष अपने मित्र सतीश यादव पिता जीवनलाल यादव, निवासी वार्ड क्र. 18 स्टेशन पारा सक्ती के साथ 27 सितम्बर 2024 को काम के सिलसिले में मुंबई जाने की बात कहकर निकला और वहां पहुंचने के बाद भी उससे बात हुई। 8 अक्टूबर की रात लगभग 9.30 बजे हुई बातचीत में खगेश ने अपने पिता को बताया था कि वह वापस लौट रहा है और फिलहाल नागपुर स्टेशन तक पहुंचा है। पिता अनिल रौतिया ने पुलिस को बताया कि उक्त दिनांक के बाद आज तक उसका पुत्र वापस घर नहीं लौटा और उसके मो. नं. मोबाईल 6232756019 के बंद होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, जबकि खगेश का मित्र सतीश यादव अपने घर लौट चुका है।
पुत्र के वापस घर नहीं लौटने पर व्यथित होकर पिता अनिल रौतिया ने सक्ती थाने में अपने पुत्र खगेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है, वहीं जिले की एसपी सुश्री अंकिता शर्मा से मिलकर उसके पुत्र की खोजबीन करने व मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की गुहार भी लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सुश्री अंकिता शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।




