छत्तीसगढ़

नवनियुक्त यातायात प्रभारी Y.N. शर्मा एक्शन मोड में, पैदल उतरकर संभाली सक्ती शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था

सक्ती:- नवनियुक्त यातायात शाखा प्रभारी Y.N. शर्मा ने कार्यभार संभालते ही नगर की बदहाल यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में सख़्त और ज़मीनी पहल शुरू कर दी है। पदभार ग्रहण करते ही Y.N. शर्मा अपनी टीम के साथ पैदल सड़कों पर उतर पड़े और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने का जिम्मा खुद संभाला।
कार्रवाई के दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर दुकानों के बाहर बेतरतीब खड़े वाहनों पर सख़्त कार्रवाई की गई। वहीं दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे दुकान का सामान सड़क तक न फैलाएं, ताकि आम नागरिकों और वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।
फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकान लगाकर व्यापार करने वालों को भी समझाइश दी गई और भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
Y.N. शर्मा ने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था को सुधारना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उनकी इस सक्रियता से शहरवासियों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या पर अब लगाम लगेगी।
हालांकि, कचहरी चौक में रोज़ाना लगने वाला भीषण जाम नवनियुक्त यातायात प्रभारी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। अब देखने वाली बात यह होगी कि Y.N. शर्मा की यह मुहिम कितनी जल्दी शहर को जाम से राहत दिला पाती है।
नगर में शुरू हुई इस सख़्त कार्रवाई से यह साफ है कि यातायात प्रभारी शर्मा अब सिर्फ निर्देश नहीं, बल्कि मैदान में उतरकर व्यवस्था सुधारने के मूड में है।

Related Articles

Leave a Reply