‘सक्ती टॉप न्यूज’ में प्रकाशित खबर का असर : जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया फरमान, छात्राओं के चेहरे पर बिखरी मुस्कान

सक्ती। स्वामी आत्मानंद कन्या स्कूल हसौद की छात्राओं के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के बाद छात्राएं खुशी से झूम उठीं। सवाल था उनके भविष्य के अंधकारमय होने का, लेकिन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सक्ती द्वारा जारी आदेश के बाद अब छात्राएं खुशी से फूले नहीं समा रही हैं।
आखिरकार ‘सक्ती टॉप न्यूज’ में प्रकाशित खबर रंग लाई। मामला सक्ती जिले के स्वामी आत्मानंद कन्या स्कूल हसौद का है, जहां दो शिक्षकों के ट्रांसफर हो जाने से परेशान छात्राओं ने ज्ञापन सौंपकर कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी से तत्काल शिक्षकों के स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की थी। मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने अरूण कुमार जायसवाल, व्याख्याता भूगोल शास. उच्च. माध्य. शाला हसौद एवं धजाराम लहरे, व्याख्याता जीव विज्ञान शास. उच्च. माध्य. शाला कन्या हसौद का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। संबंधित शिक्षकों को उनके मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण कर अध्यापन कार्य सतत् जारी रखने आदेशित किया गया है। इससे विद्यालय के छात्राओं में हर्ष की लहर दौड़ गई है।





