छत्तीसगढ़

सक्ती पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश सरकार को घेरा, कहा- भाजपा राज में छत्तीसगढ़ बन गया अपराध का गढ़, चाकूबाजी आम बात

धरनास्थल पहुंचकर चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव का आमरण अनशन कराया समाप्त

नि:शुल्क रेत नहीं मिलने और सरकार की वादाखिलाफी को लेकर अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन पर बैठे थे विधायक यादव

सक्ती। इंदिरा आवास के हितग्राहियों को नि:शुल्क रेत उपलब्ध कराये जाने के अपने वायदे से पीछे हटने पर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने जेठा स्थित कलेक्टोरेट के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। आज उनके समर्थन में जेठा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धरनास्थल पर पहुंचकर जहां उन्हें जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया, वहीं प्रदेश सरकार की जमकर खिंचाई भी की।

रामकुमार यादव चंद्रपुर विधायक

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जेठा स्थित कलेक्टोरेट के सामने धरनास्थल पहुंचकर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा राज में छत्तीसगढ़ अब अपराध का गढ़ गया है। यहां चाकूबाजी अब आम बात हो गई है। उन्होंने धान खरीदी को लेकर भी सरकार की मंशा पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि 15 नवंबर से होने वाली धान खरीदी को लेकर भी साय सरकार की नीयत साफ नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि किसानों के खेत की गिरदावरी शिक्षकों और बाबूओं से करायी जा रही है। श्री बघेल ने आगे कहा कि फड़ों में अभी तक लगभग 20 लाख क्विंटल धान सड़ रहा है। धान उठाव की भारी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है जिसका अब तक कोई समाधान नहीं निकाला जा सका है, वहीं मिलिंग पूरी भी नहीं हुई है। श्री बघेल ने आगे कहा कि मिल वालों का मिलिंग चार्ज जहां आधा कर दिया गया है, वहीं राइस मिल वालों को रेक नहीं मिल रही है।

उन्होंने सरकार की धान खरीदी की नीयत पर संदेह जताया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप मढ़ते हुए कहा कि किसानों से कहा गया है कि वे अब गर्मी की फसल न लें कोई अन्य फसल लें। रबी फसल जो लेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। अंत में विधायक रामकुमार यादव को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चंद्रपुर विधायक के धरना प्रदर्शन को कांग्रेस द्वारा किए जाने वाले चरणबद्ध आंदोलन की पहली कड़ी बताया।

भाजपा का काम केवल झूठ बोलना : बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा को झूठ बोलने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में भाजपा सरकार नाकाम रही है। फर्जी एनकाउंटर कर आदिवासियों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। बलौबाजार में सतनामी को मारा गया है, वहीं साहू समाज के खिलाफ भी साजिश की गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुुए कहा कि अपने किसी भी वादे को इस सरकार ने अब तक पूरा नहीं किया है चाहे एकमुश्त धान बोनस राशि हो, चाहे एकमुश्त धान का पैसा हो, जिसे नगद पंचायत भवन से दिया जाना चाहिए था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम प्रदेश के विकास के बजाय झूठ बोलना है। प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया है, चाकूबाजी आमबात हो गई है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

Related Articles