अकलसरा में पर्यावरण हितों की हो रही अनदेखी, नियमों का उल्लंघन कर किया जा रहा खनन कार्य, कड़ी कार्यवाही की मांग

छग पर्यावरण संरक्षण मण्डल को ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
सक्ती। सक्ती जिले के जैजैपुर ब्लॉक के अकलसरा में पर्यावरण हितों की अनदेखी कर नियम विरूद्ध खनन कार्य किया जा रहा है, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने क्षेत्रीय अधिकारी छ.ग. पर्यावरण संरक्षण मण्डल बिलासपुर जिला-बिलासपुर (छ.ग.) को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्यवाही किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से बताया गया है कि ग्राम अकलसरा तह-भोथिया, जिला-सक्ती में स्थित भूमि खसरा नं. 1263 रकबा 4.047 हेक्टेयर को छ.ग. लघु खनिज नियम 2015 के निहित प्रावधानों के पालन के शर्तों व निर्धारित पर्यावरण मापदण्डों के तहत खनन कार्य हेतु दिया गया है। विगत 2-3 वर्षों से उपरोक्त वर्णित पट्टे में पर्यावरण हितों के विपरीत ग्रामीणों के स्वास्थ्य सुरक्षा व प्रदूषण रहित अधिकारों के विपरीत जाकर खनन कार्य किया जा रहा है। जिसके विरूद्ध ग्रामीणों द्वारा विस्तृत शिकायत कर सक्षम अधिकारियों से कार्यवाही हेतु निवेदन किया गया है परंतु आज तक इस संबंध में कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया है कि किसी भी खनन कार्य हेतु पर्यावरणीय स्वीकृति निर्धारित पर्यावरण संबंधित प्रावधानों के पालन उपरांत ही दिया जाना है। छ.ग. लघु खनन नियम 2015 के अनिवार्य प्रावधानों के अनुसार भी ऐसे खनन कार्य में पर्यावरण कानूनों के पालन की बाध्यता है, जिसके विपरीत जाकर खनन कार्य किया जा रहा है।




