दशहरा पर्व आज : अमित तम्बोली द्वारा विशेष थीम पर बनाया गया रावण का पुतला बना आकर्षण का केंद्र, हिलते-डुलते और बोलते पुतले को देखने उमड़ी भीड़

सक्ती। दशहरा पर्व के मौके पर मौली फिश के संचालक अमित तम्बोली द्वारा रावण का अद्भुत पुतला तैयार किया गया है, जिसमें कला को संजोकर कुशल कारीगरी की झलक देखने को मिल रही है। पिछले कई वर्षों से श्री तम्बोली द्वारा रावण का पुतले तैयार किया जा रहा है। इस वर्ष भी उन्होंने 12 इंच का रावण नए थीम के साथ ईजाद किया है।
मौली फिश के संचालक अमित तम्बोली ने बताया कि इस बार उनके प्रतिष्ठान के सामने दोपहर 2 बजे से रावण दहन का कार्यक्रम रखा गया है। इसके लिए उन्होंने विशेष थीम के आधार पर हिलता, डुलता, बोलता हुआ रावण का पुतला तैयार किया है। उनकी कुशल कारीगरी कई वर्षों से लोगों का ध्यान खींचती आई है। इस बार भी श्री तम्बोली ने रावण के अद्भुत पुतले को तैयार कर सक्तीवासियों के लिए पर्व को खास बनाने की तैयारी की है।
श्री तम्बोली ने आगे बताया कि यह पुतला कई मायने में खास है। वह हर साल रावण का पुतला बनाते समय उसमें कई ऐसी आकर्षक कला का उपयोग करते हैं, जो कि बाकी लोगों द्वारा निर्मित पुतलों की अपेक्षा देखने में बेहद ही रोचक और अलग लगता है। उनका दावा है कि इस बार मौली फिश के पास जो रावण दहन कार्यक्रम रखा गया है, उसे देखने के बाद लोगों को यहां का रावण बेहद ही अलग लगने वाला है। श्री तम्बोली का कहना है कि जब उनके द्वारा तैयार किया गया पुतला दशहरे के दिन जलता है और बच्चे और बड़े सभी उसे देखकर खुश होते हैं तो उन्हें भी बेहद खुशी मिलती है। इसके साथ ही लोगों के बीच में एक अच्छा संदेश भी जाता है कि बुराई पर अच्छाई की विजय हुई है। उन्हें हर वर्ष इस दशहरे के पर्व का विशेष तौर पर इंतजार रहता है क्योंकि उन्हें इस काम को करने में बेहद खुशी मिलती है। श्री तम्बोली ने पूरे नगरवासियों को सपरिवार स्थल पर पहुंचकर पर्व का आनंद उठाने की अपील की है। ज्ञात रहे कि गणेशोत्सव पर भी सक्ती निवासी अमित तम्बोली ने बोतल के ढक्कन से गणेश प्रतिमा तैयार कर अद्भुत कलाकृति का परिचय दिया था।




