जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. चंद्रा ने हायर सेकंडरी स्कूल पोरथा का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से बंद कमरे में की चर्चा, पूछी समस्याएं

सक्ती. कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार सक्ती जिले में शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु स्कूलों की सघन मॉनिटरिंग के साथ परीक्षा परिणाम की गुणवत्ता वृद्धि के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एन के चंद्रा द्वारा परीक्षा गुणवत्ता अभियान का संचालन किया जा रहा है जिसके तहत दिनाँक 19/11/2024 मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी एन.के.चंद्रा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोरथा का निरीक्षण किया तथा विद्यालय की सभी कक्षाओं का अवलोकन कर बोर्ड परीक्षा में शामिल होने जा रहे बच्चों से बंद कमरे में चर्चा की, उनकी समस्याएं पूछी, पढ़ाई के लिए टाइम टेबल बनाकर अध्ययन करने का तरीका बताया और उन्हें परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए टिप्स देते हुए शत प्रतिशत सफलता के लिए प्रेरणा प्रदान की। बोर्ड परीक्षार्थियों के साथ जिला शिक्षा अधिकारी एन.के.चंद्रा की चर्चा के दौरान पोरथा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती विमलेश चंद्रा भी मौजूद रहीं।
जिला शिक्षा अधिकारी एन के चन्द्रा ने पोरथा के शिक्षकों के साथ भी बैठक की जिसमें उन्होंने परीक्षा गुणवत्ता अभियान के लिए निर्धारित 25 बिंदुओ को ध्यान में रखकर पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्य पालन करने से निश्चित सफलता की बात कही साथ ही पालकों से निरंतर संपर्क करते रहने की सलाह भी दी जिससे बच्चों की शिक्षा के स्तर में सुधार हो ,शिक्षा की गुणवत्ता को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता दी। विद्यालय में सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं शिक्षकों को अध्यापक दैनन्दिनी अद्यतन कर कार्ययोजना अनुरूप कक्षा अध्यापन कर जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त दिशा निर्देश के अनुरूप परीक्षा एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं परीक्षा परिणाम में वृद्धि के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप विद्यार्थियों को अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित कर परीक्षा परिणाम को बेहतर करने के निर्देश दिए।
साप्ताहिक एवं त्रैमासिक परीक्षा परिणाम में अपने विषय में प्राप्तांक के आधार पर छात्रों के वर्तमान स्तर का आंकलन कर विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता, वर्तमान परिस्थितियों में अपने शैक्षिक कौशल के आधार पर विषय शिक्षक संपूर्ण पाठ्यक्रम को 10 इकाई में विभाजित करें और प्रत्येक इकाई की समाप्ति पर कम से कम 10 महत्वपूर्ण प्रश्न विद्यार्थियों को प्रदाय कर उन्हीं प्रश्नों के आधार पर आगामी टेस्ट आयोजित करें ताकि बोर्ड परीक्षा के पूर्व एक अति महत्वपूर्ण प्रश्न बैंक तैयार हो जाए जो सत्र 2024-2025 की परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। लक्ष्य प्राप्ति का प्रयास वास्तविक, व्यवहारिक व शत प्रतिशत परिणाम प्राप्ति की दिशा में हो। विषय शिक्षक प्रश्नों का उचित रीति से संकलन कर उनका विद्यार्थी हित में उपयोग करें। विषय शिक्षक इन महत्वपूर्ण प्रश्नों का प्री बोर्ड के पूर्व कम से कम 3 बार अभ्यास करवाएं और विद्यार्थियों को सटीक उत्तर लिखने के तरीकों से अवगत करवाएं। समस्त विषय शिक्षक विद्यार्थियों पर मानसिक दवाब न डालते हुए उन्हें लक्ष्य पूर्ति के लिए निरंतर प्रोत्साहित करें ।
विद्यालय के प्राचार्य समस्त कक्षाओं के विषय शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से बात कर यह तय कर लें कि प्रत्येक कक्षा में कितने ऐसे विद्यार्थी हैं जो प्रथम श्रेणी लाने योग्य हैं और फिर उनपर निरंतर प्रयास अन्य विद्यार्थियों को भी प्रथम श्रेणी में लाने के प्रयास किए जाएं। प्रत्येक विषय शिक्षक के पास उसके एवं विद्यार्थियों द्वारा तय किए गए लक्ष्य को हार्ड कॉपी उपलब्ध रखा जाए। जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रा ने प्रत्येक कक्षा के विषय शिक्षक के साथ कक्षावार, विषयवार, अद्र्धवार्षिक, प्रीबोर्ड परीक्षा के बाद लक्ष्य की समीक्षा कर सुधार के लिए ठोस प्रयास करने लिए प्रोत्साहित किया साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन हेतु उचित सम्मान देने एवं पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री चंद्रा जी ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति पर संतोष जाहिर किया और इसे सर्वोत्कृष्ट बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा प्रदान की।
विद्यालय निरीक्षण व समीक्षा के दौरान विद्यालय के दिनुकांत शुक्ला, छबिलाल राठौर, मनोज साहू, लीना पटेल,रामेश्वरी यादव,रामप्रकाश जाफरी, रत्ना अनंत, नर्मदा पटेल, मनोज चौहान,आर.पी.साहू, ऋषभ राठौर, प्रधान पाठक राधेश्याम राठौर, रामलाल राठौर, दिनेश साहू, प्रीति किंडो,संगीता भगत, आग़ाश बाई सिदार उपस्थित रहे।




