छत्तीसगढ़

लापता अध्यक्ष और पार्षद का पोस्टर लगाये जाने के बावजूद खामोशी बरकरार : सडक़ की मांग को लेकर वार्डवासियों ने नगर पालिका के सामने सडक़ पर दिया धरना, अब तक किसी ने नहीं ली सुध, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं…मामला वार्ड क्र. 3 ठाकुरमुडा मोहल्ला, सक्ती का

मांगें पूरी होने पर करेंगे आमरण अनशन : वार्डवासी

सक्ती. सडक़ के लिए तरस रहे वार्ड क्र. 3 ठाकुरमुड़ा के निवासियों ने सक्ती नगर पालिका के सामने सडक़ पर शांतिपूर्ण और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अब तक किसी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी द्वारा इसकी सुध नहीं लिए जाने से ऐसे लगने लगा है मानो इन्हें जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं रहा, वहीं वार्डवासी भी इस संकल्प के साथ मोर्चे पर डटे हुए हैं कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

सक्ती में सडक़ की मांग को लेकर करीब 20 आदिवासी परिवार धरने पर बैठ गए हैं। ठाकुरमुडा मोहल्ले के बूढ़े, बच्चे, महिला सभी इस बार सडक़ की मांग को लेकर सक्ती नगर पालिका के सामने धरना देकर नारेबाजी कर रहे हैं। धरने में बैठे आदिवासी परिवारों का कहना है कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बेसुध हो चुके हैं, जिन्हें हम वार्डवासियों की तकलीफ दिखाई नहीं देती. दो दिन पूर्व लापता अध्यक्ष और लापता पार्षद के पोस्टर लगाने का उद्देश्य यही था कि शायद उन्हें शर्म आ जाए और वो हमारी सुध लेने ओर तकलीफ जानने मोहल्ले में आए, मगर उनकी सोच गलत साबित हुई. ये सभी जनप्रतिनिधि मतलबी हैं।

आदिवासी परिवारों ने कहा, केवल चुनाव में ही हम याद आते हैं और चुनाव के बाद हमारी तकलीफ से उन्हें कोई मतलब नहीं रहता इसलिए अब सभी मोहल्ले वासियों ने निश्चय कर लिया है कि जब तक हमारे मोहल्ले के लिए सडक़ नहीं बन जाती तब तक धरने पर यूं ही बैठे रहेंगे। इसके बाद भी अगर अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया तो आमरण अनशन शुरू करेंगे, लेकिन अपना हक अपनी मूलभूत सुविधा का अधिकार ले के रहेंगे।

Related Articles