राज्य में धान खरीदी की तिथि का जल्द हो सकता है एलान : सीएम विष्णुदेव साय 16 अक्टूबर को लेंगे कैबिनेट की बैठक

रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 16 अक्टूबर को होने जा रही कैबिनेट की बैठक में राज्य में धान खरीदी की तिथि को लेकर कोई बड़ा एलान होने की खबर है। साथ ही उक्त बैठक में राज्योत्सव के आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक बैठक के बाद सरकार धान खरीदी की तारीखों का एलान कर सकती है। कुछ दिन पहले ही 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का प्रस्ताव कैबिनेट की उप समिति ने भेजा था। खाद्य मंत्री दयाल बघेल की अध्यक्षता में की गई बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की नीति की समीक्षा की गई थी।
इस साल 160 लाख मीट्रिक धान खरीदने का अनुमान रखा गया है। बैठक धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू किए जाने पर बात हुई। मंत्रियों ने कहा कि राज्य मंत्री परिषद की बैठक में ही इसका अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बुधवार को इस पर सरकार फैसला स्पष्ट करेगी। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की बात कह रही है।




