राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांग्रेस का जोरदार चक्काजाम – भाजपा सरकार पर बरसे विधायक बालेश्वर साहू, बोले: “न झुकेंगे, न रुकेंगे, 2028 में फिर लौटेगी कांग्रेस”
स्कूल बस, एंबुलेंस को दिया रास्ता, भीगते पानी में कांग्रेसजन डटे रहे – पुलिस बल की तगड़ी तैनाती

सक्ती, 22 जुलाई।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती द्वारा सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज़बरदस्त आर्थिक नाकेबंदी प्रदर्शन किया गया। सक्ती के सुवाडेरा और डोंगिया के बीच सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। इस आंदोलन का नेतृत्व जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने किया।
विधायक साहू ने साधा भाजपा पर निशाना
विधायक श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार अडाणी के इशारों पर चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तमनार के जंगलों की कटाई को लेकर सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष किया और बदले की राजनीति के तहत उनके पुत्र को झूठे ईडी केस में फंसाया गया।
उन्होंने कहा, “भ्रष्टाचार अपने चरम पर है, किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रहा, बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बेहद घटिया है। ग्राम पंचायतों में सरपंचों के अधिकार छीनकर निजी ठेकेदारों को लाभ दिया जा रहा है।”
साहू ने हुंकार भरते हुए कहा कि “हम न झुकेंगे, न डरेंगे, 2028 में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाकर जनता को राहत दिलाएंगे।”
भीगते पानी में कांग्रेसियों का जोश – स्कूली वाहन और एंबुलेंस को दी प्राथमिकता
बारिश में भी कार्यकर्ता सड़क पर डटे रहे और विरोध जारी रखा। मानवता का परिचय देते हुए स्कूली वाहनों एवं एंबुलेंस को सुचारू रूप से मार्ग दिया गया। आंदोलन दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें पूरे जिले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोश के साथ भागीदारी की।
पुलिस प्रशासन की चुस्त व्यवस्था – कोई अप्रिय घटना नहीं
पुलिस ने पहले से ही भारी बल तैनात कर रखा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। बड़े वाहनों को सक्ती व बाराद्वार की सीमा पर ही रोक दिया गया, जिससे कोई अव्यवस्था या दुर्घटना नहीं हुई।
संगठन की एकजुटता दिखाई दी
इस चक्काजाम आंदोलन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एन.एस.यू.आई., किसान कांग्रेस, कांग्रेस सेवा दल, जनपद सदस्य, सरपंच, और सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष त्रिलोक चंद जायसवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि “यह जनआंदोलन भाजपा की तानाशाही के खिलाफ जनजागरण की शुरुआत है।”







