छत्तीसगढ़

सीएमओ ने निभाया वादा : वार्डवासियों ने कहा- शुक्रिया…वार्ड क्र. 03 ठाकुरमुड़ा वासियों की बहुप्रतीक्षित मांग हुई पूरी, शुरू हुआ सड़क निर्माण

सक्ती। वार्ड क्र. 03 ठाकुरमुड़ा वासियों की बहु प्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। लंबे अरसे से महरूम उक्त वार्ड के नागरिकों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर नगर पालिका सक्ती के सामने सड़क पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। सीएमओ संजय सिंह के नेतृत्व में व नगर के भाजपा पदाधिकारियों की मध्यस्थता से जहां धरना समाप्त हो गया, वहीं सीएमओ ने वार्डवासियों को लिखित में जो आश्वासन दिया था, आज उसे जमीन पर अमलीजामा पहनाया गया। वार्ड में सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ होने से वार्डवासियों ने सीएमओ का शुक्रिया अदा किया है।

धरने पर डटे वार्डवासियों को मिला था लिखित आश्वासन

विदित रहे कि ठाकुरमुड़ा वासी लंबे अरसे से मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे थे। अध्यक्ष व पार्षद से बार-बार गुहार लगाये जाने के बावजूद केवल आश्वासन का झुनझुना थमाकर गायब इन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के प्रति वार्डवासियों में रोष व्याप्त हो चुका था। अध्यक्ष-पार्षद लापता के पोस्टर भी जगह-जगह लगाए गए, आखिरकार थक-हारकर सड़क पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने के बाद सीएमओ संजय सिंह ने वार्डवासियों की सुध ली और लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद जलपान करा धरना समाप्त करा दिया गया, परंतु इतनी जल्दी वार्ड में सड़क का निर्माण शुरू होगा, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। जिस तरह सीएमओ संजय सिंह ने स्वत: संज्ञान लेकर वार्डवासियों की समस्या को समझा और परखा तथा आश्वासन को अमलीजामा पहनाया, उससे वार्डवासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

Related Articles