भाजपा जिला उपाध्यक्ष चिराग अग्रवाल ने बुधवारी बाजार स्थित देशी-विदेशी मदिरा दुकान को शहर के बाहर स्थानांतरित करने कलेक्टर- एसपी को लिखा पत्र, कहा- मोहल्ले वासी परेशान, नगर का माहौल हो रहा दूषित

सक्ती। भारतीय जनता युवा मोर्चा शक्ति जिले के उपाध्यक्ष चिराग अग्रवाल ने 8 नवंबर 2024 को जिले के आईएएस कलेक्टर अमृत विकास टोपनो और एसपी को पत्र लिखकर बुधवारी बाजार में स्थित देशी-विदेशी मदिरा दुकान को शहर के बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने मदिरा दुकान के स्थानांतरण के संबंध में तर्कपूर्ण और विधिसम्मत कारणों का जिक्र करते हुए इससे होने वाली परेशानियों की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।
गौरतलब रहे कि शहर के बुधवारी बाजार में जिला प्रशासन के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा विगत कई वर्षों से निरंतर अंग्रेजी शराब दुकान एवं देशी शराब दुकान का संचालन किया जा रहा है। इस शराब दुकान के निकट प्रतिदिन शाम के समय जहां दैनिक सब्जी बाजार लगता है, वहीं यह शराब दुकान जिस इलाके में है, वह पूरा रिहायशी इलाका है तथा इस इलाके से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग पैदल एवं महिलाएं बच्चे भी आते जाते हैं। उपरोक्त अंग्रेजी शराब दुकान एवं देशी शराब दुकान के कारण वहां का पूरा वातावरण खराब हो रहा है, जहां अनेकों बार इस स्थान में चाकू बाजी की भी घटनाएं हो चुकी है, वहीं निरंतर असामाजिक तत्वों का डेरा बने रहने से यहां से गुजरने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। संबंधित इलाके के रहवासियों द्वारा भी इस शराब दुकान को लेकर अनेकों बार प्रशासन से से जल्द हटाने की मांग किए जाने के बावजूद अब तक कोई कदम नहीं उठाए जाने केबाद भारतीय जनता युवा मोर्चा शक्ति जिले के उपाध्यक्ष चिराग अग्रवाल ने मोर्चा खोल दिया है। अपने पत्र में अविलंब आने वाले नए सत्र में इस शराब दुकान को शक्ति शहर के बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह शराब की दुकान वार्ड क्रमांक- 17 में सोंठी रेलवे फाटक के पास स्थित थी, जहां नागरिकों के विरोध के बाद इसे बाजार में स्थानांतरित किया गया, बाजार में स्थानांतरित होते ही यहां के नागरिकों ने भी इसका विरोध किया था, किंतु प्रशासन ने बिना नागरिकों की भावनाओं को समझे ही इस दुकान को यथावत संचालन जारी रखा, जिसके चलते वहां का वातावरण दूषित हो रहा है वहीं शराब दुकान के कारण सड़कों पर प्रतिदिन भारी मात्रा में कचरा भी एकत्रित होता है।
गौरतलब रहे कि विगत वर्ष जिले की तत्कालीन कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने उपरोक्त शराब दुकान के सामने नई सड़क का निर्माण प्रारंभ करवाया था, जो बनकर तैयार हो गई है, लेकिन ऐसा लगता है कि यह सड़क केवल यहां आने वाले शराबियों के लिए बनकर तैयार हुई है क्योंकि इस पर आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इस सड़क पर मुसाफिर कम, नशे में धुत लहराते शराबी ज्यादा नजर आते हैं।




