छत्तीसगढ़

अपनी-अपनी ढपली…अपना-अपना राग : शासकीय विद्यालय के प्रधान पाठक की लापरवाही, बच्चों के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़?

सक्ती (घिवरा)। ग्राम घिवरा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में बच्चों की परीक्षा के दौरान प्रधान पाठक के लगभग तीन घंटे विलंब से पहुंचने पर आक्रोशित अभिभावकों ने जहां इसे घोर लापरवाही बताते हुए बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है, वहीं पूरे मामले से किनारा करते हुए प्रधान पाठक ने विधि सम्मत ढंग से परीक्षा संपन्न कराने की बात कहकर जो संजीदगी दिखाई, उसके बाद अभिभावकों द्वारा आरोप लगाना लाजिमी है कि इस विद्यालय के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

मामला सक्ती जिले के ग्राम घिवरा का है, जहां संचालित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में इन दिनों बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में प्रधान पाठक अनिता पाण्डेय ने जो संजीदगी दिखाई है, वह काबिल-ए-तारीफ है? अभिभावकों ने बताया कि परीक्षा के लिए निर्धार्रित समय से लगभग 2 घंटे 45 मिनट विलंब से पहुंची प्रधान पाठक अनिता पाण्डेय ने अपने बयान में ‘चिराग तले अंधेरा’ का परिचय देते हुए पूरे मामले से किनारा कर लिया। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह 7.30 बजे गणित की परीक्षा आयोजित थी, बावजूद इसके प्रधान पाठक अनिता पाण्डेय घंटों विलंब से पहुंची। स्कूल के बच्चों के साथ अभिभावक भी उनके पहुंचने का इंतजार करते रहे और स्कूल के गेट पर ताला लटकता रहा।

सूचना मिलने पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष कीर्तन महंत भी मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रधान पाठक के समय से नहीं पहुंचने पर गेट का ताला खुल पाना नामुमकिन था। बच्चों ने बताया कि आज गणित विषय की परीक्षा थी। जब इस संबंध में मीडिया कर्मियों ने प्रधान पाठक अनिता पाण्डेय का पक्ष जानना चाहा तो ‘अपनी-अपनी ढपली…अपना-अपना राग’ की तर्ज पर यह कहकर कि ‘सुबह 8 बजे होने वाली परीक्षा का समय परिवर्तित कर 10 बजे निर्धारत कर दिया गया था, मामले से किनारा कर लिया, जबकि विद्यालय के अन्य शिक्षक परीक्षा की परिवर्तित समय सारणी से बिल्कुल अनभिज्ञ थे। उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है।

”स्कूल में परीक्षा होनी थी, हेडमास्टर के द्वारा बच्चों को एक दिन पहले बताया गया था, लेकिन सभी बच्चे उस समय मौजूद नहीं थे। इस वजह से बच्चे जल्दी आ गए थे। स्कूल टाइम के हिसाब से ऐसी जानकारी मेरे पास आई है। बीईओ से जानकारी मंगाई गई है। वहां से जानकारी मिलने के बाद हम आपको पूरी जानकारी दे पाएंगे।”
-नरेन्द्र चंद्रा
डीईओ सक्ती

Related Articles