किराए के लाइसेंस से चल रही अवैध वसूली : प्रदूषण जांच के नाम रूकवाई जा रही गाड़ियां, वसूलीबाजों से राहगीर परेशान

सक्ती। सक्ती और सीमावर्ती जिले जांजगीर-चांपा में गाड़ियों के प्रदूषण जांच के नाम आने जाने वाले राहगीरों को रोककर परेशान किया जा रहा है और मनमानी वसूली जारी है। वांछित रकम नहीं दिए जाने से ये लोग गुंडागर्दी करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। सड़क पर इस तरह की खुली छूट मिलने से इनके हौसले बुलंद हो चले हैं। ऐसे लोगों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
प्रदूषण जांच के नाम पर जिले के सीमावर्ती इलाके में कुछ लोग बीच सड़क में खड़े होकर गाड़ियों को रूकवा लेते हैं, जबकि ऐसे करने से कई बार दुर्घटनाओं की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। राह चलते किसी भी व्यक्ति को बलपूर्वक रुकवाना अपराध की श्रेणी में आता है मगर इनकी मनमानी पर पुलिस विभाग के अधिकारी जरा भी ध्यान नहीं दे रहे है मानो उनको सड़क पर अवैध वसूली की खुली छूट दे रखी हो।
विदित रहे कि गाड़ियों के प्रदूषण जांच के भी कई नियम बनाए गए है जिसके तहत किसी भी व्यक्ति को सड़क पर रुकवाना गैर कानूनी है वही प्रदूषण जांच करने वाला व्यक्ति अधिकृत होना चाहिए, जिसके नाम पर लाइसेंस बना हो और जो ऑटोमोबाइल या मैकेनिकल की डिग्रीधारी हो मगर यहां न तो गाड़ियों की नियम से जांच होती है और न ही अधिकृत व्यक्ति गाड़ियों की जांच करता है। केवल किराए के लाइसेंस में अवैध वसूली की जा रही है जिसकी जांच होनी चाहिए और ऐसे लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई किया जाना जरूरी है।




